जबलपुर–अमृतसर ट्रेन फिर चलाने की उठी मांग, रेलवे जीएम से मिला प्रतिनिधिमंडल
कटनी समेत कई जिलों के यात्रियों को होगा लाभ, आरक्षण केंद्रों पर जल्द लागू होगी डिजिटल टोकन प्रणाली
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति के सदस्य केशव कमल मोहनानी ने पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह से मुलाकात कर जबलपुर से अमृतसर के बीच पूर्व में संचालित अटारी एक्सप्रेस का पुनः संचालन शुरू करने की मांग की।
श्री मोहनानी ने सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि कोरोना काल से पहले जबलपुर–अमृतसर (अटारी) एक्सप्रेस का नियमित संचालन होता था, लेकिन महामारी के बाद इसे बंद कर दिया गया। इसके कारण जबलपुर, कटनी, सतना, रीवा सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों और श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में इन क्षेत्रों से अमृतसर के लिए कोई सीधी ट्रेन उपलब्ध नहीं है।
उन्होंने कहा कि ट्रेन के दोबारा शुरू होने से जबलपुर, कटनी, सागर, दमोह, बीना, शहडोल, कोतमा, बिजुरी, सतना और रीवा सहित अनेक जिलों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। अमृतसर न केवल प्रमुख व्यापारिक केंद्र है, बल्कि सिख धर्म के सबसे महत्वपूर्ण आस्था स्थलों में से एक है। इसके अलावा बड़ी संख्या में श्रद्धालु डेरा ब्यास भी जाते हैं। ऐसे में इस ट्रेन का संचालन धार्मिक, व्यापारिक और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत उपयोगी साबित होगा।
महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने इस मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि मामले पर गंभीरता से विचार कर सार्थक पहल की जाएगी।
बैठक के दौरान श्री मोहनानी ने आरक्षण केंद्रों पर पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से 'रेल मित्र डिजिटल टोकन प्रणाली' लागू करने की भी मांग रखी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में तत्काल टिकट के लिए कई स्थानों पर मैन्युअल टोकन प्रणाली अपनाई जाती है, जिससे पारदर्शिता को लेकर यात्रियों में संदेह बना रहता है। नई डिजिटल प्रणाली लागू होने से 'पहले आए, पहले पाए' के सिद्धांत पर ऑनलाइन टोकन जारी होंगे और दलालों तथा बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी।
इस पर महाप्रबंधक ने आश्वासन दिया कि पश्चिम मध्य रेलवे के तीनों मंडलों में जल्द ही रेल मित्र डिजिटल टोकन प्रणाली लागू करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी, जिससे तत्काल टिकट प्राप्त करने की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बन सके।

Post a Comment