कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी
। छात्रावास अधीक्षक संघ जिला कटनी की बैठक बुधवार को नगर निगम द्वारा संचालित ए. रविंद्र राव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मुख्य रेलवे स्टेशन के समीप आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अखिलेश मेहरा ने की। कार्यक्रम में जिला एवं तहसील कार्यकारिणी के पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में छात्रावास अधीक्षकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके बाद मंचासीन अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
बैठक में छात्रावास अधीक्षकों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रमुख रूप से शासन द्वारा छात्रावासों में आउटसोर्स माध्यम से अधीक्षक/मैनेजर नियुक्त करने तथा वर्तमान में छात्रावासों का दायित्व संभाल रहे शिक्षकों को पुनः विद्यालयों में शिक्षण कार्य हेतु भेजे जाने की प्रस्तावित व्यवस्था का विरोध किया गया। संघ ने निर्णय लिया कि इस संबंध में शासन को ज्ञापन भेजकर नियमित परीक्षा आयोजित कर स्थायी छात्रावास अधीक्षकों की भर्ती की मांग की जाएगी।
बैठक में श्रीमती साधना त्रिपाठी, शिवराज चौधरी एवं संजय कुशवाहा ने बताया कि उनका एरियर आज तक विभाग द्वारा भुगतान नहीं किया गया है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर संघ ने जिला संयोजक, जनजातीय कार्य विभाग से संपर्क कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराने का निर्णय लिया।
आरटीआई अधिनियम के तहत बार-बार एक जैसी जानकारी मांगे जाने के विषय पर भी चर्चा हुई। संघ ने सभी छात्रावास अधीक्षकों को अपने अभिलेख अद्यतन रखने तथा एक पृथक रजिस्टर संधारित करने की सलाह दी, जिसमें उपलब्ध कराई गई जानकारी एवं उसकी तिथि का विधिवत उल्लेख किया जाएगा।
बैठक के दौरान जनजातीय बालक छात्रावास रीठी के वरिष्ठ अधीक्षक ठाकुर रतन सिंह के सेवानिवृत्ति अवसर पर विदाई समारोह आयोजित किया गया। संघ ने उन्हें स्मृति चिन्ह, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी। इसी प्रकार अप्रैल 2026 में सेवानिवृत्त हुए अधीक्षक मिठाई लाल अहिरवार का भी सम्मान किया गया। दोनों वरिष्ठ साथियों से भविष्य में भी संगठन के हित में सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया गया।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष अखिलेश मेहरा, उपाध्यक्ष सुभाष झारिया, कोषाध्यक्ष संजय कुशवाहा, सचिव शिवराज चौधरी, शर्मिला कुलस्ते, चेतना चौधरी, प्रदीप ठाकुर, धर्मेंद्र अटल, चेतन कुमार, श्रीमती साधना त्रिपाठी, श्रीमती शीला चौधरी, वाकल राज सिंह चौधरी, डॉ. अजय चौधरी, रामकृष्ण लोधी सहित जिला एवं तहसील स्तर के अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

Post a Comment