चलती ट्रेन में गर्भवती ने दिया मृत शिशु को जन्म, कटनी जंक्शन पर बिना स्टॉपेज रोकी गई एक्सप्रेस
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । पाटलिपुत्र से मुंबई की ओर जा रही एक एक्सप्रेस ट्रेन के जनरल कोच में यात्रा के दौरान एक गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। हालात बिगड़ने पर चलती ट्रेन में ही महिला की डिलीवरी हुई, लेकिन बेहद दुखद रूप से नवजात शिशु मृत पैदा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कंट्रोल ने तत्काल कटनी के डिप्टी एसएस कमर्शियल मुकेश मिश्रा को अवगत कराया। सूचना मिलते ही उन्होंने रेलवे चिकित्सक, आरपीएफ, जीआरपी एवं संबंधित रेलवे कर्मचारियों को तत्काल अलर्ट कर राहत एवं बचाव की व्यवस्था सुनिश्चित की।
जिस एक्सप्रेस ट्रेन में यह घटना हुई, उसका कटनी जंक्शन पर नियमित ठहराव नहीं था। बावजूद इसके महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए आपात स्थिति में ट्रेन को कटनी जंक्शन पर रुकवाया।
ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही डिप्टी एसएस कमर्शियल मुकेश मिश्रा अपनी टीम, सफाई मित्रों, रेलवे डॉक्टर, आरपीएफ और जीआरपी के साथ संबंधित जनरल कोच तक पहुंचे। टीम ने सावधानीपूर्वक महिला एवं उनके परिजनों को ट्रेन से सुरक्षित नीचे उतारा।
मौके पर मौजूद रेलवे चिकित्सक ने मां और नवजात का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसमें नवजात शिशु को मृत घोषित कर दिया गया। महिला की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें तत्काल 108 एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
इस पूरी घटना में कटनी रेलवे प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता ने आपात स्थिति में राहत कार्य को समय पर अंजाम देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Post a Comment