बड़वारा में पदस्थ प्रधान आरक्षक का नाम NKJ थाने की प्रेस विज्ञप्ति में, उठे सवाल


 *बड़वारा में पदस्थ प्रधान आरक्षक का नाम NKJ थाने की प्रेस विज्ञप्ति में, उठे सवाल*

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष कुमार । पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। कुछ दिन पहले ही NKJ थाने से स्थानांतरित होकर बड़वारा थाने में पदस्थ हुए प्रधान आरक्षक क्रमांक 278 आरिफ हुसैन का नाम NKJ थाने द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में स्टाफ सदस्य के रूप में प्रकाशित किया गया। जबकि वर्तमान में उनकी पदस्थापना बड़वारा थाने में है।

ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि जब प्रधान आरक्षक का स्थानांतरण हो चुका है, तो उनका नाम NKJ थाने की आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में किस आधार पर शामिल किया गया। मामले को लेकर दोनों थाना प्रभारियों के अलग-अलग तर्क सामने आए हैं।

NKJ थाना प्रभारी का कहना है कि प्रधान आरक्षक आरिफ हुसैन को दो दिनों के लिए मौखिक निर्देश पर NKJ थाने बुलाया गया था और जिस कार्रवाई का उल्लेख प्रेस विज्ञप्ति में है, वह उसी दौरान की गई थी। वहीं बड़वारा थाना प्रभारी का कहना है कि संभवतः उन्होंने कार्रवाई में सहयोग किया होगा, इसलिए उनका नाम प्रेस विज्ञप्ति में शामिल किया गया।

गौरतलब है कि प्रधान आरक्षक आरिफ हुसैन लंबे समय तक NKJ थाने में पदस्थ रह चुके हैं। हालांकि अब उनके स्थानांतरण के बाद भी उनका नाम NKJ थाने की प्रेस विज्ञप्ति में जारी होना कई प्रशासनिक सवाल खड़े कर रहा है। यदि वे बड़वारा थाने में पदस्थ हैं तो क्या उन्हें बिना लिखित आदेश के दूसरे थाने की कार्रवाई में शामिल किया गया, या फिर प्रेस विज्ञप्ति तैयार करने में लापरवाही बरती गई? इन सवालों के जवाब फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सके हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post