सीवर खुदाई के बाद सड़कें बनीं दलदल, हर दिन फंस रहे वाहन; क्रेन के सहारे निकल रही गाड़ियां
करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी घटिया निर्माण, फोटो सेशन में उलझे जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी।
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । शहर में सीवर परियोजना के अधूरे रेस्टोरेशन कार्य का खामियाजा अब आम जनता भुगत रही है। कुठला थाना के समीप से मित्तल एन्क्लेव होते हुए बरगवां तक का मुख्य मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़क की समुचित मरम्मत नहीं किए जाने से बरसात के बीच पूरा मार्ग गड्ढों और दलदल में तब्दील हो गया है, जिससे हर दिन वाहन फंस रहे हैं और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क की भराई और रोलिंग निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं की गई। नतीजतन पहली ही बारिश में सड़क कई स्थानों पर धंस गई। हालत यह है कि दोपहिया से लेकर चारपहिया और मालवाहक वाहन तक गड्ढों में धंस रहे हैं, जिससे यातायात बार-बार बाधित हो रहा है और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।
वाहन चालकों का कहना है कि कई बार गाड़ियां इतनी बुरी तरह फंस जाती हैं कि उन्हें निकालने के लिए निजी क्रेन बुलानी पड़ती है। एक वाहन निकालने में करीब 4 से 5 हजार रुपये तक का अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि मानसून शुरू होने से पहले निर्माण एजेंसी को सड़क का रेस्टोरेशन पूरा कर देना चाहिए था, लेकिन लापरवाही के कारण अब यह मार्ग लोगों के लिए मुसीबत का कारण बन गया है। नागरिकों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा लापरवाही बरतने वाली एजेंसी की जवाबदेही भी तय की जाए, ताकि लोगों को रोजाना हो रही परेशानी से राहत मिल सके।

Post a Comment