*कुठला थाना पुलिस को खुली चुनौती, GJ 05 BZ 9174 ट्रक पर चोरों ने किया हाथ साफ*
पलक झपकते गायब हुआ 13 लाख का ट्रक, कुठला क्षेत्र में सनसनी
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । कुठला थाना क्षेत्र में वाहन चोरों ने एक और बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए सड़क किनारे खड़े ट्रक पर हाथ साफ कर दिया। अज्ञात बदमाश करीब 13 लाख रुपये मूल्य का ट्रक चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने बताया कि वह पुरैनी निवासी है और ट्रक क्रमांक GJ 05 BZ 9174 में हेल्पर के रूप में कार्य करता है। ट्रक का चालक प्रकाश साहू है। दोनों ने 8 जुलाई 2026 की रात लगभग 10 बजे ट्रक को लॉक कर एचपी पेट्रोल पंप के सामने पुरैनी रोड किनारे खड़ा किया और अपने-अपने घर चले गए।
अगली सुबह 9 जुलाई को लगभग 10 बजे जब दोनों ट्रक के पास पहुंचे तो वाहन मौके से गायब मिला। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी ट्रक का कोई पता नहीं चला। इसके बाद चालक प्रकाश साहू ने वाहन मालिक को घटना की सूचना दी। ट्रक में जीपीएस सिस्टम लगा होने के कारण चालक अपने साथी राजा दाहिया के साथ उसकी तलाश में निकल गया।
शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध लगभग 13 लाख रुपये मूल्य के ट्रक की चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। कुठला थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस जीपीएस लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
वही कुठला थाना के द्वारा 9 जुलाई 2026को प्रकरण दर्ज किया गया है व BNS की धारा 305(b) के तहत कार्यवाही की गई है

Post a Comment