कटनी की सड़कों पर फिर चली चाकू की धार, सिटी मॉल के पास युवक पर जानलेवा हमला

 

कटनी की सड़कों पर फिर चली चाकू की धार, सिटी मॉल के पास युवक पर जानलेवा हमला


कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस


शहर के सबसे संवेदनशील और व्यस्त माने जाने वाले कोतवाली थाना क्षेत्र में एक बार फिर बदमाशों ने कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी। सिटी मॉल के पास देर रात एक युवक पर धारदार चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, जबकि खून से लथपथ युवक को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार घायल कुलदीप टीपा ने बताया कि वह रात के समय सिटी मॉल के पास खड़ा था। इसी दौरान दो से तीन अज्ञात युवक वहां पहुंचे और बिना किसी स्पष्ट कारण के उससे विवाद करने लगे। कुछ ही देर में कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि एक युवक ने अचानक धारदार चाकू निकालकर कुलदीप की कमर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

हमले के बाद कुलदीप सड़क पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। बीच सड़क हुई इस खूनी वारदात से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों की भीड़ जुट गई।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

दिनदहाड़े और रात के समय शहर के प्रमुख इलाकों में लगातार हो रही चाकूबाजी और मारपीट की घटनाओं ने आम नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच में जुट गई है।






खबरों के लिए सम्पर्क करे :8989601972

Post a Comment

Previous Post Next Post