खाकी की ईमानदारी पर चर्चा के बीच बड़ा सवाल: बस स्टैंड चौकी से चंद कदम दूर आखिर कैसे बिक रहा गांजा?
नशा मुक्ति अभियान जारी, उधर चौकी के पास बिक रही गांजे की पुड़ियां
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष कुमार चौधरी । इन दिनों शहर में खाकी की ईमानदारी और पुलिस व्यवस्था को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। इसी बीच एक ऐसा सवाल भी उठ रहा है, जिसका जवाब आमजन जानना चाहते हैं। आखिर कोतवाली थाना क्षेत्र की बस स्टैंड पुलिस चौकी से महज एक-दो किलोमीटर की दूरी पर, नदी पार पेट्रोल पंप के सामने स्थित बस्ती में लंबे समय से खुलेआम गांजे की छोटी-छोटी पुड़ियों की बिक्री कैसे हो रही है?
जानकारों का कहना है कि इस क्षेत्र में नशे का कारोबार कोई नया नहीं है। आरोप है कि यहां गांजे की पुड़ियां छोटे-छोटे बच्चों के माध्यम से भी बेची जाती हैं। जिन लोगो के द्वारा नशे का करोबार किया जा रहा है पूर्व मे उन पर कई प्रकरण भी दर्ज है वही चंद लोगों के मुनाफे की लालच ने अनेक युवाओं के भविष्य को नशे की गिरफ्त में धकेल दिया है।
एक ओर कटनी पुलिस नशा मुक्ति अभियान के तहत स्कूलों और कॉलेजों में पहुंचकर युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दे रही है, वहीं दूसरी ओर शहर के बीचों-बीच इस तरह खुलेआम नशे का कारोबार कई सवाल खड़े कर रहा है। सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि पुलिस का खुफिया तंत्र आखिर इस इलाके में सक्रिय क्यों नहीं दिखाई देता? यदि स्थानीय लोगों के आरोप सही हैं, तो इतने लंबे समय से यह अवैध कारोबार किसके संरक्षण में चल रहा है?
शहरवासियों का मानना है कि यदि पुलिस इस क्षेत्र में गंभीरता से अभियान चलाए और लगातार निगरानी रखे, तो नशे के इस नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। आखिर समाज और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना केवल जागरूकता अभियानों से नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर सख्त कार्रवाई से भी संभव है।
अब देखना यह होगा कि इन चर्चाओं और स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद संबंधित पुलिस अधिकारी इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और अवैध नशे के कारोबार पर कब तक प्रभावी कार्रवाई होती है।
खबरों के लिए सम्पर्क करे :-8989601972

Post a Comment