टैक्स वसूली में अव्वल, सुविधाओं में फिसड्डी: उबड़-खाबड़ सड़कों ने बढ़ाई शहरवासियों की परेशानी
ताजा मामला धर्मलोक अस्पताल से सरस्वती स्कूल मोड़ तक के मार्ग का है। सीवर लाइन परियोजना के नाम पर पूरी सड़क खोद दी गई, लेकिन काम पूरा होने के बाद सड़क की समुचित मरम्मत नहीं की गई। केवल डस्ट और मुरुम डालकर औपचारिकता पूरी कर दी गई, जिससे सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस लापरवाही के पीछे जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों की मिलीभगत की चर्चा भी जोरों पर है।
इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूल जाने वाले बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और दोपहिया वाहन चालक गुजरते हैं, जिन्हें हर दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है, क्योंकि गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क और गड्ढों का अंतर समझ पाना मुश्किल हो जाता है।
शहरवासियों का कहना है कि नगर निगम के अधिकारी वातानुकूलित कार्यालयों में बैठकर केवल कागजी निर्देश जारी कर रहे हैं, जबकि धरातल पर सीवर लाइन परियोजना की गुणवत्ता और सड़क मरम्मत की कोई प्रभावी निगरानी नहीं हो रही। लोगों का सवाल है कि जब टैक्स समय पर वसूला जा रहा है तो बदले में सुरक्षित और सुगम सड़क जैसी मूलभूत सुविधा क्यों नहीं मिल रही।
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि धर्मलोक अस्पताल से सरस्वती स्कूल मोड़ तक की सड़क का शीघ्र गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
खबरों के लिए सम्पर्क करे :-8989601972

Post a Comment