दिनदहाड़े सूने मकानों पर चोरों का धावा, दो गांवों में लाखों के जेवर-नकदी पार


 

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । बड़वारा थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। दिनदहाड़े सूने मकानों को निशाना बनाकर बदमाशों ने दो अलग-अलग गांवों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। दोनों घटनाओं में नकदी और सोने-चांदी के जेवरात सहित करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान चोरी होने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पहली वारदात ग्राम धौरा में सामने आई, जहां राकेश सिंह राठौर के मकान का ताला दोपहर के समय तोड़कर अज्ञात चोर घर में घुस गए। जब परिवार वापस लौटा तो दरवाजा टूटा मिला और अलमारी में रखे करीब 90 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। सूचना मिलते ही बड़वारा पुलिस मौके पर पहुंची और अपराध क्रमांक 427/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू कर दी।

इसी दिन दूसरी घटना ग्राम सिजहनी में हुई। यहां सुभाष कुमार सेन के सूने मकान का ताला तोड़कर चोर घर में रखे 30 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई गई है। मामले में अपराध क्रमांक 428/26 दर्ज कर पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

लगातार सामने आ रही इन चोरी की घटनाओं ने बड़वारा थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि दिनदहाड़े हो रही वारदातें पुलिस गश्त की प्रभावशीलता पर प्रश्नचिह्न लगा रही हैं। फिलहाल पुलिस आसपास के संदिग्धों से पूछताछ करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।





खबरों के लिए सम्पर्क करे :-8989601972

Post a Comment

Previous Post Next Post