आधी-अधूरी कार्रवाई पर उठे सवाल: गजानन कॉम्प्लेक्स के पास एक निर्माण पर चला बुलडोजर, अन्य को छोड़ लौटी निगम टीम
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । नगर पालिका निगम कटनी की अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण के विरुद्ध कार्रवाई एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। शहर के गजानन कॉम्प्लेक्स के समीप बुधवार को निगम अमले ने एक नव-निर्मित दुकान पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया, लेकिन ठीक पीछे स्थित अन्य कथित अवैध निर्माणों को बिना छुए ही टीम वापस लौट गई। इससे कार्रवाई की निष्पक्षता पर स्थानीय लोगों ने सवाल खड़े किए हैं।
जानकारी के अनुसार, नगर निगम का अमला निर्धारित समय से पहले ही मौके पर पहुंच गया और सीधे एक निर्माण को निशाना बनाते हुए उसे तोड़ दिया। वहीं उसके पीछे निर्मित दो अन्य दुकानों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ये निर्माण भी बिना स्वीकृत नक्शे और आवश्यक अनुमति के हाल के महीनों में बनाए गए हैं, फिर भी निगम ने उन्हें यथावत छोड़ दिया।
सूत्रों का दावा है कि जिन दुकानों को छोड़ा गया, उन्हें राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। यही कारण है कि निगम की कार्रवाई केवल एक निर्माण तक सीमित रह गई। इस पूरे घटनाक्रम के बाद नगर निगम की कार्रवाई को लेकर पक्षपात और द्वेषपूर्ण रवैये के आरोप भी सामने आने लगे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि क्षेत्र में सभी निर्माण समान प्रकृति के हैं और नियमों का उल्लंघन हुआ है, तो कार्रवाई केवल एक दुकान तक ही क्यों सीमित रही? इस संबंध में नगर निगम आयुक्त अथवा कार्यपालन यंत्री
की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है कि अन्य कथित अवैध निर्माणों को क्यों छोड़ा गया।
इन निर्माणों पर भी कार्रवाई की चर्चा
स्थानीय सूत्रों के अनुसार क्षेत्र में श्री गोवर्धन संगतानी, श्री राजेश चंदनानी, श्री गुड्डू गुप्ता, श्री नीरज गुप्ता (पान दुकान), श्री विजय भाटीजा (कपड़ा दुकान), श्रीमती ज्योति भाटीजा तथा श्री प्रकाश भाटीजा (बॉम्बे बूट हाउस) से जुड़े निर्माणों पर भी कार्रवाई किए जाने की चर्चा थी, लेकिन मौके पर ऐसा नहीं हुआ।
अब नगरवासियों की निगाहें नगर निगम प्रशासन पर हैं। यदि सभी निर्माण नियमों के विपरीत हैं तो कार्रवाई सभी पर समान रूप से होनी चाहिए, अन्यथा चयनात्मक कार्रवाई पर उठ रहे सवाल और भी गहरे हो सकते हैं।
खबरों के लिए सम्पर्क करे :8989601972

Post a Comment