अधिकारी के सामने खरीदी प्रभारी की मनमानी, 50 किलो की जगह 51.200 किलो तौल; पिछले वर्ष निलंबित प्रभारी को फिर मिली जिम्मेदारी
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । जिले में समर्थन मूल्य पर मूंग-उड़द खरीदी के दौरान एक बार फिर व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बड़वारा क्षेत्र के बसाड़ी स्थित समर्थन मूल्य खरीदी केंद्र (पंचमुखी वेयरहाउस) में केंद्र प्रभारी लखन पटेल पर शासन द्वारा निर्धारित मानक तौल से अधिक वजन लेकर किसानों से उपज खरीदे जाने के आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि प्रति बोरी निर्धारित 50 किलोग्राम के स्थान पर 51 किलो 200 ग्राम तक तौल कराई जा रही है, जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
मौके पर जांच के लिए पहुंचे अधिकारियों के सामने भी केंद्र प्रभारी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे। निरीक्षण के दौरान बिना टैग वाली बोरियां पाए जाने पर अधिकारियों ने प्रभारी को तत्काल सभी बोरियों पर टैग लगाने के निर्देश दिए। इसके बावजूद किसानों का आरोप है कि केंद्र पर नियमों का पालन नहीं किया जा रहा और निर्धारित मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।
सबसे बड़ा सवाल यह भी उठ रहा है कि जिस लखन पटेल को गत वर्ष बड़वारा के शिव रजिया वेयरहाउस में समर्थन मूल्य खरीदी के दौरान किसानों से अभद्र व्यवहार और गंभीर अनियमितताओं के आरोपों के बाद निलंबित किया गया था, उसी लखन पटेल को इस वर्ष फिर से बसाड़ी खरीदी केंद्र का प्रभारी कैसे बना दिया गया। किसानों का कहना है कि ऐसे लोगो को दोबारा जिम्मेदारी देने से खरीदी व्यवस्था की पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।
किसानों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए मानक तौल के अनुसार खरीदी सुनिश्चित करने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित केंद्र प्रभारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
खबर के लिए सम्पर्क करे :-8989601972

Post a Comment