मैगी प्वाइंट के सामने युवक पर जानलेवा चाकू हमला, पेट और हाथ पर किए वार
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । माधवनगर थाना क्षेत्र स्थित बायपास मैगी प्वाइंट के सामने एक युवक पर अज्ञात बदमाश ने जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक के पेट और हाथ की कलाई पर गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घायल नीरज श्रीवास (35 वर्ष) पिता संतोष श्रीवास, निवासी बरगवां (कटनी), पर अज्ञात हमलावर ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने पहले नीरज के पेट पर चाकू से वार किया। बचाव के दौरान चाकू उसकी हाथ की कलाई पर भी लग गया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
माधवनगर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 296(बी), 118(1), 351(3), 324(4) एवं 3(5) के तहत हत्या के प्रयास सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। मामले की विवेचना थाना प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे के नेतृत्व में की जा रही है।

Post a Comment