कटनी में छात्रों का उबाल: हजारों युवा सड़कों पर उतरे, 'धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो' के नारों से गूंजा शहर
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । राष्ट्रीय स्तर के एक मुद्दे को लेकर शनिवार दोपहर कटनी शहर में हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने रैली निकालकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की और "धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो" के जोरदार नारे लगाए।
रैली की शुरुआत शहर के प्ले ग्राउंड से हुई, जहां बड़ी संख्या में युवा एकत्रित हुए। इसके बाद प्रदर्शनकारी मिशन चौक, शेर चौक सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए आगे बढ़े और अंत में फॉरेस्टर मैदान में एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन किया।
छात्र-छात्राओं के हाथों में विभिन्न मांगों और विरोध से जुड़े पोस्टर व बैनर थे। प्रदर्शन के दौरान कुछ युवाओं ने "मैं भी कॉकरोच हूं" लिखे पोस्टर भी हाथों में लेकर अपना विरोध दर्ज कराया, जो लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
रैली के दौरान पूरे मार्ग पर नारेबाजी होती रही। बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी के चलते प्रमुख मार्गों पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।
कटनी में छात्रों की विरोध रैली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया। पुरानी कचहरी चौराहे पर छात्रों ने कई घंटों तक प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी।
खबरों के लिए सम्पर्क करे :-8989601972

Post a Comment