चाकू की नोक पर रंगदारी, नकदी और हेडफोन लूटे, विरोध करने पर मोबाइल भी तोड़ा
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । शहर में अपराधियों के बढ़ते
दुस्साहस ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र में देर रात एक युवक को बीच सड़क पर रोककर चाकू की नोक पर लूटपाट करने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने पहले रंगदारी मांगी, विरोध करने पर गर्दन पर चाकू अड़ा दिया और नकदी के साथ ब्लूटूथ हेडफोन लूट लिया। जाते-जाते पीड़ित का मोबाइल भी पटककर तोड़ दिया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, फरियादी दीपक कुमार साहू (25), पिता रामप्रसाद साहू, निवासी पुरैनी, 22 जुलाई 2026 की रात करीब 10:40 बजे रंगनाथ नगर स्थित लक्ष्मी पान भंडार के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान क्षेत्र के रहने वाले अभिषेक और उसके एक साथी ने रास्ता रोक लिया। दोनों ने गाली-गलौज करते हुए रंगदारी की मांग की। विरोध करने पर आरोपियों ने दीपक की गर्दन पर धारदार चाकू अड़ा दिया और उसकी जेब से ₹1,200 नकद तथा ब्लूटूथ हेडफोन छीन लिया।
वारदात के बाद भी आरोपियों का आतंक यहीं नहीं रुका। उन्होंने पीड़ित का मोबाइल छीनकर सड़क पर पटक दिया, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी देकर दोनों मौके से फरार हो गए।
घटना से डरे-सहमे दीपक ने रंगनाथ नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 319/26 दर्ज करते हुए आरोपी अभिषेक और उसके साथी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(बी), 296(बी), 309(4), 351(2) एवं 3(5) के तहत प्रकरण कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Post a Comment