*भरौली की दाल मिल में धधकी आग, धुएं के गुबार से दहला इलाका*
*कई घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटीं दमकल टीमें, लाखों के नुकसान की आशंका*
कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :माधवनगर थाना क्षेत्र के गांव स्थित एएसके एग्रो दाल मिल में बुधवार दोपहर अचानक आग भड़क उठी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। परिसर में रखा कच्चा माल, तैयार दाल और अन्य सामान जलने से भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
आग लगने के बाद फैक्ट्री से उठते काले धुएं के गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दिए। सूचना मिलते ही , माधवनगर थाना पुलिस और नगर निगम की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। हालात की गंभीरता को देखते हुए एक के बाद एक कई दमकल वाहन बुलाए गए। करीब 10 फायर टेंडरों की मदद से आग बुझाने का अभियान लंबे समय तक चलता रहा।दमकल दल की प्राथमिक कोशिश आग को फैक्ट्री के बाकी हिस्सों और आसपास की संपत्तियों तक फैलने से रोकना रही। मौके पर मौजूद टीमों ने लगातार पानी की बौछार कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री का संचालन मनीष संगतानी द्वारा किया जाता है। फिलहाल आग लगने की असली वजह सामने नहीं आई है, हालांकि शॉर्ट सर्किट समेत कई संभावित कारणों पर जांच की जा रही है।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस ने क्षेत्र में घेराबंदी कर लोगों को दूर रखा।
फायर अधिकारी शैलेंद्र दुबे के अनुसार सूचना मिलते ही टीम तत्काल रवाना कर दी गई थी। आग काफी भयानक थी, इसलिए अतिरिक्त संसाधन लगाने पड़े। प्रशासन अब फैक्ट्री प्रबंधन के साथ मिलकर कुल नुकसान का आकलन करेगा।


Post a Comment