बसों में इमरजेंसी एग्जिट की जांच हेतु यातायात पुलिस एवं आरटीओ का संयुक्त विशेष अभियान 41 बसों का निरीक्षण, सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाली 07 बसों पर वैधानिक कार्रवाई



बसों में इमरजेंसी एग्जिट की जांच हेतु यातायात पुलिस एवं आरटीओ का संयुक्त विशेष अभियान


41 बसों का निरीक्षण, सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाली 07 बसों पर वैधानिक कार्रवाई




कटनी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशों के पालन में लोक परिवहन एवं स्कूली परिवहन को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से थाना यातायात कटनी एवं क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) कटनी द्वारा संयुक्त रूप से विशेष निरीक्षण अभियान संचालित किया गया।


पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा, आईपीएस के निर्देशन तथा श्री कमल मौर्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, कटनी एवं श्री रत्नेश मिश्रा, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय), कटनी के मार्गदर्शन में निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर, थाना प्रभारी यातायात कटनी एवं आरटीओ श्री संतोष पाल के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम द्वारा कटनी बस स्टैंड सहित जिले में संचालित लोक परिवहन एवं स्कूली बसों का सघन निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान वाहनों में उपलब्ध सुरक्षा उपकरणों एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों का सूक्ष्म परीक्षण किया गया।


निरीक्षण के दौरान कुल 41 बसों की जांच की गई। जांच में 07 बसों में निर्धारित मानकों के अनुरूप इमरजेंसी एग्जिट (Emergency Exit) उपलब्ध नहीं पाया गया अथवा उसमें सुरक्षा संबंधी गंभीर कमियां पाई गईं। इस पर थाना यातायात कटनी द्वारा संबंधित वाहनों के विरुद्ध मौके पर वैधानिक कार्रवाई की गई। साथ ही आरटीओ कटनी द्वारा ऐसे वाहनों की फिटनेस निरस्त किए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ करने की जानकारी दी गई।


संयुक्त टीम द्वारा विशेष रूप से यह भी सुनिश्चित किया गया कि प्रत्येक बस में स्थापित इमरजेंसी एग्जिट के सामने अथवा उसके निकट कोई सीट या अन्य अवरोध न हो, जिससे दुर्घटना अथवा आपातकालीन स्थिति में यात्रियों एवं स्कूली बच्चों को सुरक्षित एवं शीघ्र बाहर निकाला जा सके।


यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग ने सभी बस संचालकों, वाहन मालिकों एवं विद्यालय प्रबंधन से अपील की है कि वे वाहनों का संचालन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही करें। यात्रियों एवं स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर भविष्य में भी कठोर वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।


कटनी यातायात पुलिस की अपील:

"सुरक्षित परिवहन – सुरक्षित जीवन, सुरक्षित विद्यार्थी – सुरक्षित भविष्य।"

Post a Comment

Previous Post Next Post