सरसवाही कन्या छात्रावास में बवाल, मांगो के लिए सौंपा ज्ञापन
*प्राचार्य और अधीक्षिका के बीच मैस संचालन और बजट को लेकर विवाद-सूत्र *
नाश्ता व भोजन से छात्राओं की तबीयत बिगड़ने के मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की उठी मांग
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष कुमार चौधरी । सरसवाही स्थित शासकीय कन्या शिक्षा परिसर में छात्राओं के बीमार होने की घटना के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। छात्राओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और छात्रावास की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं।रविवार को ज्ञापन के माध्यम से जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कई महत्वपूर्ण मुद्दे सामने रखे गए हैं।
ज्ञापन में कहा गया है कि 18 जुलाई को छात्रावास में परोसे गए कथित खराब नाश्ते के कारण कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। इसे छात्राओं के जीवन से खिलवाड़ बताते हुए छात्रावास अधीक्षिका और विद्यालय प्रबंधन के लिए जिम्मेदार प्राचार्य के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है।
साथ ही आरोप लगाया गया है कि छात्रावास की अधीक्षिका रात में हॉस्टल में नहीं रुकती हैं, जिससे छात्राओं की सुरक्षा प्रभावित होती है। मांग की गई है कि ऐसी अधीक्षिका की नियुक्ति की जाए जो छात्रावास में नियमित रूप से रात्रि विश्राम कर सके।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि शासन द्वारा निर्धारित मेन्यू के अनुसार आज तक छात्राओं को भोजन और नाश्ता नहीं दिया गया। मांग की गई है कि स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्ता युक्त भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुरूप उपलब्ध कराया जाए। छात्रावास की तीसरी मंजिल तक पानी नहीं पहुंचने और आरओ का शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं होने की समस्या भी उठाई गई तथा तत्काल समाधान की मांग की गई।
छात्राओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए परिसर में स्थायी नर्स की नियुक्ति अथवा सप्ताह में कम से कम एक दिन मेडिकल जांच शिविर लगाने की मांग भी की गई है। वहीं कला संकाय की छात्राओं के लिए आर्ट विषय के शिक्षक की नियुक्ति करने की भी मांग रखी गई।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग करते हुए कहा गया कि विद्यालय शहर से दूर होने के कारण किसी भी आपात स्थिति में पुलिस और एंबुलेंस के पहुंचने में समय लगता है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होना आवश्यक है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि पूर्व में प्राचार्य और अधीक्षिका के बीच मैस संचालन और बजट को लेकर विवाद के कारण छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हुई। ऐसे में पिछले दो वर्षों के मैस संचालन, बजट और अन्य अभिलेखों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में छात्राओं की शिक्षा और सुविधाओं पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
खबर हेतु सम्पर्क करे :-8989601972

Post a Comment