क्या इस अवैध अहाते को थाने का संरक्षण प्राप्त है?
किसे नहीं दिख रही बरगवां की अवैध चखना दुकान, या फिर जानबूझकर की जा रही है अनदेखी?
कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । रंगनाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत बरगवां स्थित शराब दुकान के समीप एक कथित अवैध अहाता संचालित होने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां खुलेआम शराब पिलाई जाती है, जबकि नियमों के अनुसार यह प्रतिबंधित है।
लोगों का कहना है कि रंगनाथ पुलिस अन्य स्थानों पर इसी प्रकार के मामलों में कार्रवाई कर प्रकरण दर्ज करती है, लेकिन बरगवां स्थित इस कथित अवैध अहाते पर कई महीनों से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसी कारण क्षेत्र में यह चर्चा है कि कहीं इसे स्थानीय थाने का संरक्षण तो प्राप्त नहीं है?
स्थानीय नागरिक सवाल उठा रहे हैं कि क्या इस मार्ग से जिला पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक का आवागमन नहीं होता? यदि होता है, तो क्या उन्हें इस कथित नियम-विरुद्ध गतिविधि की जानकारी नहीं है?
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि थाने की कथित उदासीनता के कारण यह अवैध गतिविधि लगातार फल-फूल रही है। उनका कहना है कि प्रदेश सरकार द्वारा बनाए गए नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है तथा अवैध रूप से आर्थिक लाभ अर्जित किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार दिनभर शराबियों की मौजूदगी के कारण इस मार्ग से गुजरने वाली महिलाओं एवं युवतियों को असुविधा और असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। लोगों का यह भी कहना है कि इसी चखना दुकान के समीप कुछ माह पूर्व एक हत्या की घटना भी हुई थी, इसके बावजूद आज तक कथित अवैध अहाते पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा यदि अवैध संचालन पाया जाए तो उसे तत्काल बंद कराने की मांग की है।

Post a Comment