रंग बदलकर छिपाई थी चोरी की बाइक, बिलहरी पुलिस ने चोर को दबोचा


 

रंग बदलकर छिपाई थी चोरी की बाइक, बिलहरी पुलिस ने चोर को दबोचा

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । जिले में वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलहरी पुलिस ने एक मोटरसाइकिल चोर को गिरफ्तार कर चोरी की गई बाइक बरामद करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से बाइक का रंग तक बदलवा दिया था, लेकिन मुखबिर की सूचना और पुलिस की सक्रियता के चलते उसका भेद खुल गया।

जानकारी के अनुसार, चौकी प्रभारी बिलहरी सुयश पाण्डेय के नेतृत्व में अपराध क्रमांक 586/25, धारा 305(बी) के तहत दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के मामले की लगातार जांच की जा रही थी। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए संदिग्धों पर निगरानी बनाए रखी। 28 जुलाई 2026 को विश्वसनीय सूचना मिलने पर पुलिस ने असलम पिता निसार अली (24 वर्ष), निवासी राजा सलैया, थाना बाकल, जिला कटनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने बिलहरी तालाब के पास से हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस (क्रमांक MP21MD0491) चोरी की थी। पहचान छिपाने के लिए उसने बाइक का रंग भी बदलवा दिया था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर वाहन की बरामदगी कर उसे जब्त कर लिया।

आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post