एक निर्माण पर बुलडोजर, बाकी पर मेहरबानी? नगर निगम की कार्रवाई पर उठे सवाल





कटनी। शहर के गुरुनानक वार्ड स्थित गजानन कॉम्प्लेक्स के समीप बुधवार को नगर निगम ने अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक नवीन निर्मित दुकान को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। हालांकि, कार्रवाई के तरीके को लेकर मौके पर ही सवाल खड़े हो गए।


स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर कार्रवाई की गई, वहां एक ही नहीं बल्कि कई निर्माण ऐसे हैं जिनका कथित रूप से नगर निगम से स्वीकृत नक्शा नहीं है। इसके बावजूद निगम अमले ने केवल एक दुकान को निशाना बनाया, जबकि उससे सटी कपड़ों की दुकान तथा बाड़े के पीछे बनी दो अन्य दुकानों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। सूत्रों का दावा है कि इन निर्माणों के भी वैधानिक दस्तावेज पूर्ण नहीं हैं।


कार्रवाई के दौरान नगर निगम के इंजीनियर अंशुमान सिंह, रवि हिनोते सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जब मीडिया ने अधिकारियों से पूछा कि यदि अन्य निर्माण भी बिना अनुमति के बने हैं तो उन पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई, तो अधिकारियों ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।


बाद में इस संबंध में नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन व्यस्तता के कारण उनका जवाब नहीं मिल सका।


इस कार्रवाई के बाद शहर में यह चर्चा तेज हो गई है कि यदि सभी अवैध निर्माण एक ही श्रेणी में आते हैं, तो कार्रवाई भी समान रूप से होनी चाहिए। केवल एक निर्माण पर बुलडोजर चलाकर अन्य को छोड़ देने से निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि नगर निगम शेष कथित अवैध निर्माणों पर भी कार्रवाई करेगा या नहीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post