बहोरीबंद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की आउटसोर्स भर्ती में घूसखोरी के आरोप, कलेक्टर से निष्पक्ष जांच की मांग

 

बहोरीबंद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की आउटसोर्स भर्ती में घूसखोरी के आरोप, कलेक्टर से निष्पक्ष जांच की मांग

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार जिले के बहोरीबंद स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रही आउटसोर्स भर्ती प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। भर्ती प्रक्रिया में अनियमितता और कथित रूप से अभ्यर्थियों से पैसे लेकर नियुक्ति दिए जाने के आरोप सामने आए हैं। मामले को लेकर एक शिकायत कलेक्टर के नाम भेजी गई है, जिसमें निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।

शिकायत के अनुसार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहोरीबंद में आउटसोर्स भर्ती का कार्य एक निजी एजेंसी के माध्यम से कराया जा रहा है। आरोप है कि भर्ती के नाम पर कुछ लोगों द्वारा अभ्यर्थियों से 30 हजार रुपये तक की मांग की जा रही है और योग्यता व निर्धारित प्रक्रिया को दरकिनार कर नियुक्तियां दी जा रही हैं।

शिकायत में कहा गया है कि सरकार ने आउटसोर्स भर्ती का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना रखा है, लेकिन यदि पैसे लेकर नियुक्तियां की जा रही हैं तो योग्य और जरूरतमंद अभ्यर्थी अवसर से वंचित हो रहे हैं। आरोप यह भी है कि कई बेरोजगार युवक-युवतियां नौकरी पाने की उम्मीद में कर्ज लेने और आर्थिक बोझ उठाने को मजबूर हो रहे हैं।

शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, यदि घूसखोरी और अनियमितता के आरोप सही पाए जाएं तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए तथा अभ्यर्थियों से कथित रूप से वसूली गई राशि वापस कराई जाए।

हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




नोट :उक्त शिकायत पत्र न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस के पास सुरक्षित रखे


है 

Post a Comment

Previous Post Next Post