रिवर्स लेते समय बस की चपेट में आया कंडक्टर, दोनों पैरों पर चढ़ा टायर, दर्दनाक मौत



रिवर्स लेते समय बस की चपेट में आया कंडक्टर, दोनों पैरों पर चढ़ा टायर, दर्दनाक मौत

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । कुठला थाना क्षेत्र स्थित ट्रांसपोर्ट नगर कॉम्प्लेक्स के सामने शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे में बस कंडक्टर की जान चली गई। हादसा उस समय हुआ जब एक बस चालक कथित रूप से लापरवाही से वाहन रिवर्स कर रहा था। बस की चपेट में आने से कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, ग्राम सरसला थाना सुआतला निवासी शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका पुत्र हर्ष शर्मा न्यू लोक सेवा बस सर्विस, जबलपुर में कंडक्टर के पद पर कार्यरत था। शुक्रवार सुबह वह इंदौर से कटनी आने वाली बस क्रमांक MP09DW1028 में ड्यूटी करते हुए कटनी पहुंचा था।

शाम करीब 5:40 बजे कंपनी के ही कंडक्टर अमन अग्रवाल ने परिजनों को सूचना दी कि शाम करीब 5:30 बजे ट्रांसपोर्ट नगर कॉम्प्लेक्स के सामने बस क्रमांक MP20 ZX7028 का चालक अजय विश्वकर्मा बस को रिवर्स करते समय लापरवाही बरतते हुए हर्ष को कुचल दिया। हादसे में बस का टायर हर्ष की दोनों जांघों के ऊपर से गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक और हेल्पर उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के प्रत्यक्षदर्शी हेल्पर वेदांत ठाकुर बताए जा रहे हैं। शिकायत के आधार पर कुठला पुलिस ने आरोपी चालक अजय विश्वकर्मा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post