नगर निगम की 'लापरवाही' का करंट! सीवर कार्य के दौरान हाईटेंशन लाइन से झुलसा मजदूर सीवर प्रोजेक्ट बना मौत का खेल! ठेकेदार की लापरवाही से मजदूर जिंदगी और मौत के बीच


नगर निगम की 'लापरवाही' का करंट! सीवर कार्य के दौरान हाईटेंशन लाइन से झुलसा मजदूर

सीवर प्रोजेक्ट बना मौत का खेल! ठेकेदार की लापरवाही से मजदूर जिंदगी और मौत के बीच


कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । नगर पालिका निगम का सीवर लाइन प्रोजेक्ट लगातार विवादों में घिरता जा रहा है। निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और ठेकेदार की कथित लापरवाही अब एक और गंभीर हादसे का कारण बन गई। शहर के कटाए घाट नाले के पास चल रहे सीवर लाइन कार्य के दौरान एक मजदूर हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद निर्माण कार्य की निगरानी और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे सीवर लाइन बिछाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान ग्राम पिपरौध (जिला कटनी) निवासी मजदूर रवि कुशवाहा पाइप रखने का कार्य कर रहा था। तभी कार्यस्थल के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और साथी मजदूरों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सीवर लाइन परियोजना में शुरू से ही सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जा रही है। कई स्थानों पर बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के कार्य कराया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी मौन साधे हुए हैं। लोगों का कहना है कि यदि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन कराया जाता और हाईटेंशन लाइन के नीचे आवश्यक सावधानियां बरती जातीं तो यह हादसा टाला जा सकता था।

घटना के बाद नगर निगम आयुक्त, संबंधित इंजीनियर और निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। नागरिकों का कहना है कि आखिर किसकी निगरानी में इतना जोखिम भरा कार्य कराया जा रहा था और मजदूरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम क्यों नहीं किए गए।

फिलहाल मजदूर का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। अब देखना यह होगा कि नगर निगम इस गंभीर हादसे की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई करता है या फिर यह मामला भी अन्य घटनाओं की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post