मोहास स्थित पाण्डेय कृषि केन्द्र के संचालक प्रभात पाण्डेय के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश
बिलहरी के पार्श्वनाथ खाद-बीज भंडार, बड़गांव के कमलेश कुमार जैन, पिपरिया कला के सांई खाद-बीज भंडार और बरही के सतीश व गुप्ता बीज भंडार को नोटिस
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी – खरीफ सीजन में किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद, बीज एवं कृषि आदान उपलब्ध कराने तथा कालाबाजारी, जमाखोरी और अमानक सामग्री के कारोबार पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर जिले में विशेष सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कृषि विभाग की जिला स्तरीय टीम ने रीठी और बड़वारा विकासखंड में औचक निरीक्षण कर कई कृषि आदान विक्रेताओं के विरुद्ध कार्रवाई की है।
*रीठी में अनियमितताएं मिलने पर नोटिस जारी*
विकासखंड रीठी में निरीक्षण के दौरान मैसर्स पार्शवनाथ खाद बीज भण्डार, बिलहरी तथा मैसर्स कमलेश कुमार जैन, बड़गांव में विभिन्न अनियमितताएं पाई गईं। इसके चलते संबंधित प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
*बिना लाइसेंस बीज विक्रय करने पर एफआईआर के निर्देश*
ग्राम मोहास स्थित मैसर्स पाण्डेय कृषि केन्द्र के संचालक प्रभात पाण्डेय बिना वैध लाइसेंस के बीज विक्रय करते पाए गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित के विरुद्ध पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।
*बड़वारा में भी कार्रवाई, तीन प्रतिष्ठानों को नोटिस*
बड़वारा विकासखंड में मैसर्स सांई खाद बीज भण्डार पिपरिया कला, मैसर्स सतीश बीज भण्डार बरही तथा मैसर्स गुप्ता बीज भण्डार बरही के निरीक्षण में कमियां पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
*निरीक्षण दल की सूचना मिलते ही आठ दुकानों पर ताले*
निरीक्षण दल के क्षेत्र में पहुंचने की सूचना मिलने पर बरही क्षेत्र के आठ कृषि आदान विक्रेता प्रतिष्ठानों ने दुकानें बंद कर दीं और मौके से अनुपस्थित पाए गए। प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्रतिष्ठानों के विक्रय पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।
*प्रयोगशाला जांच में दो बीज नमूने अमानक पाए गए*
खरीफ सीजन के दौरान लिए गए बीज नमूनों की प्रयोगशाला जांच में दो नमूने अमानक पाए गए। इसके चलते मैसर्स अंकिता बीज भण्डार, बड़वारा तथा अग्रहरि कृषि केन्द्र, कौड़िया (बहोरीबंद) के विरुद्ध प्रारंभिक रूप से विक्रय प्रतिबंध की कार्रवाई करते हुए कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए हैं।
*दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई*
उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास खेलावन डहरिया ने स्पष्ट किया है कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी, अमानक बीज या कृषि आदानों की बिक्री तथा नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
*अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदारी करने की अपील*
कृषि विभाग ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे खाद, बीज एवं कीटनाशकों की खरीदी केवल अधिकृत विक्रेताओं से करें तथा जीएसटी युक्त पक्का बिल अवश्य प्राप्त करें। यह बिल भविष्य में किसी विवाद अथवा अमानक सामग्री पाए जाने की स्थिति में किसानों के हितों की सुरक्षा का महत्वपूर्ण आधार बनेगा।

Post a Comment