नगर निगम कटनी में 'चढ़ोतरी' के खेल की चर्चा, शिकायत पत्र आने से उठे कई सवाल
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । नगर पालिका निगम कटनी एक बार फिर चर्चाओं में है। निगम के स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा एक शिकायत पत्र सामने आने के बाद सफाई व्यवस्था से जुड़े कार्यों में कथित "चढ़ोतरी" के खेल को लेकर नई बहस छिड़ गई है।
शहर में लंबे समय से यह चर्चा रही है कि सफाई व्यवस्था से जुड़े कुछ कार्यों में कथित रूप से अतिरिक्त राशि के लेन-देन के माध्यम से अनियमितताओं को संरक्षण दिए जाने का खेल चलता है। अब सामने आए शिकायत पत्र ने इन चर्चाओं को और हवा दे दी है। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
वर्तमान में स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी संजय सोनी के पास है। ऐसे में यह शिकायत पत्र कई सवाल खड़े करता है। यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही हैं तो जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होगी और यदि आरोप निराधार हैं तो स्थिति स्पष्ट करने की जिम्मेदारी भी प्रशासन की होगी।
अब निगाहें नगर निगम आयुक्त, जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों पर टिकी हैं कि शिकायत की निष्पक्ष जांच कराई जाती है या नहीं। फिलहाल यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Post a Comment