सूना मकान देख चोरों की मौज, ₹95 हजार नकद और लाखों के जेवर समेट ले गए
कुठला थाना क्षेत्र की साईं कॉलोनी में वारदात, ताला तोड़कर अलमारी खंगाली; अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी -थाना क्षेत्र की साईं कॉलोनी (गली नंबर-6) में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी में रखी ₹95 हजार की नकदी के साथ लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना उस समय हुई, जब मकान में रहने वाला युवक अपनी बीमार मां का इलाज कराने नागपुर गया हुआ था। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार साईं कॉलोनी निवासी अजय बैरागी (23) वर्तमान में अमित सोनी (झुकेही वाले) के मकान में किराए से रह रहा है। वह कुछ दिन पहले अपनी बीमार मां का इलाज कराने नागपुर गया था। इस दौरान मकान पूरी तरह सूना पड़ा रहा।
4 जुलाई को जब अजय वापस लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के भीतर प्रवेश करने पर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच में पता चला कि चोर बेडरूम की अलमारी में रखी नकदी और कीमती आभूषण समेट ले गए। पुलिस के अनुसार वारदात 2 जुलाई की रात से 3 जुलाई की सुबह के बीच की है।
पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान में दो सोने के हार, चार सोने की अंगूठियां, तीन सोने की चेन, भगवान की एक सोने की चेन, तीन जोड़ी चांदी की पायल, दो चांदी की करधन, आठ चांदी की बिछिया तथा ₹95 हजार नकद शामिल हैं। चोरी गए जेवरों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
शिकायत मिलने के बाद कुठला थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना कार्यवाहक प्रधान आरक्षक अजय यादव को सौंपी गई है।

Post a Comment