मिशन चौक पर तीन सवारी की धरपकड़, स्टेशन रोड पर कार्रवाई का तरीका बना चर्चा का विषय
मिशन चौक पर चेकिंग, स्टेशन रोड पर मनमानी चालानी कार्रवाई के आरोप
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । रविवार को शहर के मिशन चौक पर यातायात पुलिस तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाती नजर आई।मिशन यातायात चौकी के बाहर चार से पांच ट्रैफिक पुलिसकर्मी दोपहिया वाहनों को रोककर तीन सवारी मिलने पर चालानी कार्रवाई करते दिखाई दिए।
वहीं दूसरी ओर मुख्य रेलवे स्टेशन रोड पर यातायात व्यवस्था को लेकर अलग तस्वीर देखने को मिलती है। जानकार लोगों का कहना है कि यहां ड्यूटी पर तैनात एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी अपने सहयोगी के साथ सड़क पर घूमते हुए वाहन चालकों के चालान काट देता है। इसे लेकर वाहन चालकों के बीच सवाल उठ रहे हैं कि क्या बिना किसी निर्धारित चेकिंग प्वाइंट या अभियान के इस तरह चलती-फिरती चालानी कार्रवाई करना उचित है?
वाहन चालकों का कहना है कि यदि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है तो वह सभी स्थानों पर समान और पारदर्शी तरीके से होनी चाहिए। लोगों का मानना है कि यदि विशेष अभियान चलाया जाता है तो उसकी जानकारी और चेकिंग व्यवस्था स्पष्ट होनी चाहिए, ताकि कार्रवाई निष्पक्ष दिखाई दे और किसी प्रकार के मनमानेपन की गुंजाइश न रहे।
हालांकि, मोटर वाहन अधिनियम के तहत पुलिस को नियम उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चालान करने का अधिकार है। लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्रवाई का तरीका भी ऐसा होना चाहिए जिससे आमजन में पारदर्शिता और निष्पक्षता का विश्वास बना रहे
।

Post a Comment