बिना फिटनेस दौड़ रहीं MSW की कचरा गाड़ियां, नगर निगम की निगरानी पर उठे सवाल
आधे दर्जन से अधिक वाहनों की फिटनेस समाप्त होने के बाद भी वार्डों में हो रहा कचरा संग्रहण, जिम्मेदार बोले—शिकायत मिलने पर करेंगे कार्रवाई
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । शहर में स्वच्छता व्यवस्था संभालने वाली एमएसडब्ल्यू (MSW) कटनी की कचरा संग्रहण गाड़ियां स्वयं ही नियमों की अनदेखी करती नजर आ रही हैं। नगर पालिका निगम कटनी के अंतर्गत संचालित आधा दर्जन से अधिक ऐसे वाहन प्रतिदिन विभिन्न वार्डों में कचरा संग्रह कर रहे हैं, जिनकी फिटनेस अवधि महीनों और कई मामलों में वर्षों पहले समाप्त हो चुकी बताई जा रही है। इसके बावजूद ये वाहन सड़कों पर सरपट दौड़ रहे हैं, जिससे परिवहन नियमों के पालन और जनसुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, जिन वाहनों की फिटनेस समाप्त हो चुकी है, उनमें MP21-ZC-9023, MP21-ZD-3667, MP21-L-1049, MP21-ZD-3643, MP21-L-1050, MP21-L-1069 एवं MP21-ZD-3646 शामिल हैं। इन वाहनों का उपयोग अब भी शहर के विभिन्न वार्डों में नियमित कचरा संग्रहण के लिए किया जा रहा है।
इस संबंध में जब नगर निगम के नोडल अधिकारी आदेश जैन से जानकारी ली गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, एमएसडब्ल्यू के प्रबंधक विवेक चौबे से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया, जिससे उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।
अब बड़ा सवाल यह है कि जब वाहनों की फिटनेस समाप्त हो चुकी है तो उन्हें शहर की सड़कों पर संचालन की अनुमति किस आधार पर दी जा रही है। क्या नगर निगम प्रशासन इस मामले में ठोस कार्रवाई करेगा या फिर नियमों को ताक पर रखकर बिना फिटनेस वाले वाहन इसी तरह शहर की सड़कों पर दौड़ते रहेंगे? यह देखने वाली बात होगी।
खबरों के लिए सम्पर्क करे :9977535212
8989601972

Post a Comment