मुड़वारा स्टेशन पर महिला से मंगलसूत्र झपटने वाला शातिर गिरफ्तार, 1.10 लाख रुपये का सोने का लॉकेट बरामद
कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । मुड़वारा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-5 के पास महिला के गले से मंगलसूत्र झपटने की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से झपटे गए मंगलसूत्र का सोने का लॉकेट, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है, बरामद कर लिया गया है। आरोपी के विरुद्ध पूर्व से भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
दिनांक 3 अगस्त 2026 को प्रार्थिया नेहा वर्मा (38), पति पंकज वर्मा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह सुबह लगभग 4:10 बजे अपने परिवार के साथ भोपाल से कटनी पहुंची थीं। मुड़वारा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-5 के पास से कटनी साउथ स्टेशन जाने के लिए अपने पति के साथ ऑटो की तलाश कर रही थीं। इसी दौरान महाजन टाल के सामने एक अज्ञात युवक आया और उनके गले से करीब 8 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र, जिसकी कीमत लगभग 1.10 लाख रुपये थी, झपटकर फरार हो गया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 334/2026 धारा 304(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी रचित उर्फ रोहित विश्वकर्मा (23) निवासी लक्ष्मी पान भंडार के पास, भट्टा मोहल्ला, थाना रंगनाथनगर, कटनी को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया सोने के मंगलसूत्र का लॉकेट, जिसकी कीमत लगभग 1.10 लाख रुपये है, बरामद कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
खबरों के लिए सम्पर्क :-8989601972

Post a Comment