2 किलो 258 ग्राम गांजे के साथ 70 वर्षीय गिरधारी लाल गिरफ्तार, बरही पुलिस की कार्रवाई


 2 किलो 258 ग्राम गांजे के साथ 70 वर्षीय गिरधारी लाल गिरफ्तार, बरही पुलिस की कार्रवाई


कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । थाना बरही पुलिस ने पिपरिया कला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 70 वर्षीय व्यक्ति को गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से कुल 2 किलो 258 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 22 हजार रुपए बताई गई है, बरामद किया गया।


पुलिस के मुताबिक 16 अगस्त 2026 को उप निरीक्षक अश्वनी यादव हमराह स्टाफ प्रधान आरक्षक रवि मोहन जाटव एवं प्रधान आरक्षक नरेन्द्र पटेल के साथ अपराध विवेचना के सिलसिले में पिपरिया कला गए थे। विवेचना पूरी कर वापस लौटते समय पिपरिया कला मेन रोड पर गिरधारी लाल कुर्मी के घर के सामने पुलिस की नजर उस पर पड़ी। बताया गया कि पुलिस को देखकर वह हाथ में लिए गुलाबी रंग के प्लास्टिक थैले को लेकर घर के अंदर जाने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे थैले सहित रोककर तलाशी ली।


पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में तलाशी की कार्रवाई की। थैले के अंदर सफेद पन्नी में पत्तीदार, डंडी और बीजयुक्त वनस्पति तथा सेलो टेप से चिपका एक पैकेट मिला। पुलिस के अनुसार पदार्थ की पहचान गांजे के रूप में होने के बाद इलेक्ट्रॉनिक धर्मकांटे से तौल कराई गई, जिसमें कुल वजन 2 किलो 258 ग्राम पाया गया।


पुलिस ने बरामद गांजे को विधिवत सीलबंद कर जब्ती की कार्रवाई की। मामले में आरोपी गिरधारी लाल कुर्मी पिता भीमसेन कुर्मी, उम्र 70 वर्ष, निवासी पिपरिया कला, थाना बरही, जिला कटनी को गिरफ्तार किया गया।


पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। जब्त मादक पदार्थ को मालखाना में जमा कराया गया। कार्रवाई के दौरान मौके की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य एप के माध्यम से किए जाने की भी जानकारी पुलिस ने दी है।



खबरों के लिए सम्पर्क करे :8989601972

Post a Comment

Previous Post Next Post