कुठला थाना क्षेत्र के इंद्रानगर ओवरब्रिज पर दर्दनाक हादसा: कट मारते ही पुल के नीचे गिरा आलू से भरा ट्रक, हेल्पर की मौत; अज्ञात वाहन चालक पर केस


 

कुठला थाना क्षेत्र के इंद्रानगर ओवरब्रिज पर दर्दनाक हादसा: कट मारते ही पुल के नीचे गिरा आलू से भरा ट्रक, हेल्पर की मौत; अज्ञात वाहन चालक पर केस


कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । कुठला थाना क्षेत्र के इंद्रानगर ओवरब्रिज पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पीछे से आए अज्ञात वाहन ने आलू से भरे ट्रक को कट मार दिया, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर पुल के नीचे जा गिरा। हादसे में ट्रक के हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सिवनी जिले के धनौरा निवासी जावेद खान (43) ट्रक क्रमांक एमएच-40-डीसी-3427 के मालिक एवं चालक हैं। उन्होंने बताया कि 5 अगस्त की शाम प्रयागराज से ट्रक में आलू लोड कर जबलपुर के लिए रवाना हुए थे। उनके साथ गांव का दिलीप उर्फ छोटू वंशकार हेल्पर के रूप में मौजूद था।

गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे ट्रक इंद्रानगर ओवरब्रिज के पास पहुंचा। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए एक अज्ञात वाहन ने लापरवाहीपूर्वक ट्रक को कट मारते हुए टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर पुल के नीचे जा गिरा।

हादसे में हेल्पर दिलीप उर्फ छोटू वंशकार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक जावेद खान की कमर में चोटें आई हैं। दुर्घटना में ट्रक का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

कुठला थाना पुलिस ने चालक की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 125(ए), 106(1) तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। यह मामला 6 अगस्त 2026 को दोपहर 1:56 बजे दर्ज किया गया। प्रकरण की कायमी उप निरीक्षक अनिल यादव ने की है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।








खबर के लिए सम्पर्क सूत्र :-8989601972

Post a Comment

Previous Post Next Post