हाथ पर हाथ धरे बैठी कोतवाली पुलिस, खुले में शराबखोरी पर कार्रवाई के बजाय मौन
सुभाष चौक और चौपाटी स्थित शराब दुकान के आसपास खुलेआम जाम छलकाने वालों पर कार्रवाई नहीं, गली-मोहल्लों में चुनिंदा कार्रवाई से उठे सवाल
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष कुमार । शहर में सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी को लेकर कोतवाली पुलिस की कार्रवाई सवालों के घेरे में है। एक ओर पुलिस गली-मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते मिले चुनिंदा लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर अपनी जिम्मेदारी पूरी करने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर शराब दुकानों के आसपास खुलेआम जाम छलकाते लोगों पर कार्रवाई को लेकर पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
शहर के सुभाष चौक और चौपाटी क्षेत्र में संचालित शराब दुकान के आसपास खुले में शराब पीने वालों की भीड़ नजर आना कोई नई बात नहीं है। यहां दर्जनों लोग सार्वजनिक रूप से शराब का सेवन करते दिखाई देते हैं। बावजूद इसके, इन स्थानों पर पुलिस की नियमित कार्रवाई नजर नहीं आने से लोगों में चर्चा है कि आखिर खुले में शराबखोरी के खिलाफ कार्रवाई का पैमाना अलग-अलग क्यों दिखाई देता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सार्वजनिक स्थान पर शराब पीना नियमों का उल्लंघन है तो कार्रवाई सभी के खिलाफ समान रूप से होनी चाहिए। फिर शराब दुकान के आसपास खुलेआम शराब पीने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं होती, यह सवाल पुलिस की कार्यप्रणाली पर खड़ा हो रहा है।
वहीं दूसरी ओर, पुलिस द्वारा शहर के अलग-अलग हिस्सों में एक-दो लोगों को पकड़कर सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने का प्रकरण दर्ज किए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का आरोप है कि ऐसी कार्रवाई महज आंकड़े पूरे करने तक सीमित दिखाई देती है।
तस्वीरें बता रहीं हकीकत
चौपाटी स्थित शराब दुकान के आसपास खुले में शराब पीते लोगों की तस्वीरें सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। यदि तस्वीरों में दिखाई दे रहा घटनाक्रम सही है तो यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि शराब दुकान के आसपास पुलिस की निगरानी व्यवस्था आखिर कितनी प्रभावी है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या सार्वजनिक स्थान पर शराबखोरी के लिए अलग-अलग नियम हैं? यदि नहीं, तो शराब दुकान के आसपास खुलेआम जाम छलकाने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं दिखाई देती?
अब देखना यह है कि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी इस मामले का संज्ञान लेकर शराब दुकानों के आसपास सार्वजनिक रूप से शराब पीने वालों के खिलाफ भी उसी तरह कार्रवाई कराते हैं या फिर यह मामला भी महज चर्चा बनकर रह जाता है।
खबरों के लिए सम्पर्क करे :8989601972

Post a Comment