बरगवां में अतिक्रमण हटाने पहुंचा नगर निगम का अमला, नोटिस को लेकर दुकानदारों ने जताई आपत्ति


 

बरगवां में अतिक्रमण हटाने पहुंचा नगर निगम का अमला, नोटिस को लेकर दुकानदारों ने जताई आपत्ति

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । नगर पालिका निगम की अतिक्रमण टीम सोमवार को बरगवां स्थित सुलभ कॉम्प्लेक्स के समीप करीब चार दुकानों से कथित अतिक्रमण हटाने पहुंची। नगर निगम के कार्यपालन यंत्री सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। कार्रवाई को लेकर दिनभर मौके पर गहमा-गहमी की स्थिति बनी रही।

दुकानदारों का कहना था कि उन्हें दुकानें हटाने के संबंध में पूर्व में कोई नोटिस नहीं दिया गया। उनका आरोप है कि करीब 20 वर्षों से वे उक्त स्थान पर दुकानें संचालित कर रहे हैं और अचानक निगम का अमला दुकानें खाली कराने पहुंच गया।



दुकानदारों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखते हुए बताया कि वे लंबे समय से यहां काबिज हैं और उनके अनुसार संबंधित जमीन आबादी क्षेत्र में आती है। उन्होंने दुकानें खाली करने के लिए कुछ समय देने की मांग की, ताकि अपना सामान व्यवस्थित तरीके से वहां से हटा सकें।

वहीं, अतिक्रमण कार्रवाई के लिए निगम का अमला और करीब 10 से 12 कर्मचारी दिनभर मौके पर मौजूद रहे। कार्रवाई को लेकर दुकानदारों और निगम अमले के बीच बातचीत का दौर चलता रहा। फिलहाल मौके पर स्थिति तनावपूर्ण होने के बजाय गहमा-गहमी भरी रही।

दुकानदारों द्वारा नोटिस नहीं दिए जाने के आरोप और जमीन के स्वरूप को लेकर उठाए गए सवालों के बीच अब यह देखना होगा कि नगर निगम की ओर से आगे क्या कार्रवाई की जाती है।वही ज़ब इस पर नगर पालिका निगम के अधिकारी से जानकारी लेनी चाही तब उनके द्वारा कुछ भी जबाब नही दिया गया.

Post a Comment

Previous Post Next Post