छात्रसंघ चुनाव पर एनएसयूआई का मोर्चा, पीपीपी मॉडल मेडिकल कॉलेज के खिलाफ आंदोलन जारी रखने का ऐलान पत्रकार वार्ता में शिक्षा व्यवस्था से लेकर नशे-सट्टे तक उठाए मुद्दे, भाजपा जनप्रतिनिधियों से मांगा इस्तीफा

 

छात्रसंघ चुनाव पर एनएसयूआई का मोर्चा, पीपीपी मॉडल मेडिकल कॉलेज के खिलाफ आंदोलन जारी रखने का ऐलान

पत्रकार वार्ता में शिक्षा व्यवस्था से लेकर नशे-सट्टे तक उठाए मुद्दे, भाजपा जनप्रतिनिधियों से मांगा इस्तीफा

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष कुमार


छात्रसंघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग और कटनी में पीपीपी मॉडल पर प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के विरोध को लेकर एनएसयूआई ने अपना रुख और कड़ा कर लिया है। रविवार को इंडियन कॉफी हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अजय खटिक ने छात्र हित, शिक्षा व्यवस्था और जिले की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर संगठन की आगामी रणनीति का खुलासा किया।

अजय खटिक ने कहा कि एनएसयूआई की ओर से दायर जनहित याचिका में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट द्वारा छात्रसंघ चुनाव को लेकर निर्देश दिए गए हैं। संगठन की मांग है कि प्रदेश के महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराए जाएं, ताकि विद्यार्थी स्वयं अपने प्रतिनिधियों का चुनाव कर सकें।

पीपीपी मॉडल मेडिकल कॉलेज पर विरोध जारी

एनएसयूआई ने कटनी में पीपीपी मॉडल पर प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को लेकर सरकार के खिलाफ अपना विरोध जारी रखने की घोषणा की। संगठन का कहना है कि मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े इस महत्वपूर्ण संस्थान में निजी भागीदारी के बजाय छात्रों और आमजन के हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

संगठन ने कटनी में शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज और शासकीय लॉ कॉलेज की स्थापना की मांग भी उठाई। इसके साथ ही महाविद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने, रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू करने, कॉलेजों की अधोसंरचना मजबूत करने और तिलक कॉलेज को स्वायत्त महाविद्यालय का दर्जा देने की मांग रखी गई।

भाजपा नेताओं पर विकास की अनदेखी का आरोप

युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव दिव्यांशु मिश्रा ‘अंशु’ ने भाजपा के जनप्रतिनिधियों पर कटनी के विकास की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कटनी में शासकीय मेडिकल कॉलेज का नहीं मिलना जिले की जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने सांसद वीडी शर्मा और विधायक संदीप जायसवाल से इस मुद्दे पर जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग तक कर दी।

मिश्रा ने विधानसभा में विधायक लखन घनघोरिया द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में स्वास्थ्य मंत्री की ओर से दी गई जानकारी का हवाला देते हुए कहा कि इससे कटनी में शासकीय मेडिकल कॉलेज को लेकर किए जा रहे दावों की वास्तविक स्थिति सामने आती है।

स्मैक-सट्टे पर भी सरकार को घेरा

पत्रकार वार्ता में जिले में कथित रूप से बढ़ रहे नशे और सट्टे के कारोबार का मुद्दा भी उठाया गया। दिव्यांशु मिश्रा ने स्मैक, गांजा सहित अन्य नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और सट्टे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से कठोर कार्रवाई की मांग की।

एनएसयूआई नेताओं ने स्पष्ट किया कि छात्रसंघ चुनाव, शासकीय मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, लॉ कॉलेज, शिक्षा व्यवस्था और जिले की मूलभूत समस्याओं को लेकर संगठन पीछे हटने वाला नहीं है। आगामी दिनों में इन मुद्दों को लेकर आंदोलन को और व्यापक करने की चेतावनी भी दी गई।

पत्रकार वार्ता में युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहम्मद इसराइल, युवा कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता सौम्या रंधेलिया, कमल पांडे, आईटी सेल प्रदेश उपाध्यक्ष शशांक गुप्ता, विधानसभा अध्यक्ष सचिन गर्ग, अभिषेक प्यासी और पार्षद विनीत जैसवाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post