दरवाजा नहीं खुला तो तोड़ा, अंदर बिस्तर पर मृत मिले आयकर अधिकारी
कटनी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस/आशीष चौधरी : आयकर कार्यालय में पदस्थ आयकर अधिकारी मानवेन्द्र सिंह गुरुवार सुबह कार्यालय परिसर के समीप स्थित गेस्ट हाउस के कमरे में अचेत अवस्था में मिले। कर्मचारियों द्वारा दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन चिकित्सकीय जांच में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद कार्यालय परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार मानवेन्द्र सिंह गेस्ट हाउस के एक कमरे में अकेले रहते थे। सुबह काफी देर तक उनके कमरे का दरवाजा नहीं खुला और कोई प्रतिक्रिया भी नहीं मिली। कर्मचारी ने पहले दरवाजा खटखटाकर उन्हें जगाने का प्रयास किया। अंदर से कोई आवाज नहीं आने पर उसने कार्यालय के अन्य कर्मचारियों को सूचना दी। इसके बाद कर्मचारी मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया।
कमरे के अंदर मानवेन्द्र सिंह बिस्तर पर अचेत पड़े मिले। तत्काल चिकित्सक को बुलाया गया। जांच के बाद चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा तैयार किया।
बताया गया कि मानवेन्द्र सिंह ने घटना से एक रात पहले करीब 10 बजे तक अपने परिचितों से फोन पर बातचीत की थी। इसके बाद उन्होंने भोजन किया और कमरे में सोने चले गए। सुबह वे दोबारा नहीं उठ सके।
मानवेन्द्र सिंह के परिजन उत्तर प्रदेश में रहते हैं। घटना की सूचना उन्हें दे दी गई है और उनके कटनी पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने कमरे की जांच की है। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस जांच के बाद ही मृत्यु का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। प्रारंभिक तौर पर हृदयाघात की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

Post a Comment