राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' की 150वीं वर्षगांठ पर नगर निगम ऑडिटोरियम में शुक्रवार को होगा कार्यक्रम का शुभारंभ
मैराथन दौड़ होगी आयोजित
कटनी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस – राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में कटनी जिले में होने वाले वर्षव्यापी समारोह के प्रथम चरण का शुभारंभ शुक्रवार 7 नवम्बर को नगर निगम ऑडिटोरियम में प्रात: 9 बजे किया जाएगा। यहां राष्ट्रगीत का गायन किया जाएगा। इसके बाद प्रात: 10 बजे नई दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। कलेक्टर आशीष तिवारी ने इन कार्यक्रमों के सम्बन्ध में निगमायुक्त तपस्या परिहार को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु निर्देश दिये हैं।
मैराथन दौड़ होगी आयोजित
नगर निगम ऑडिटोरियम से चांडक चौक तक शुक्रवार को प्रात: 8:15 बजे डी. ए. व्ही. स्कूल, तिलक राष्ट्रीय स्कूल एवं सेक्रेटहार्ड स्कूल के कक्षा 10वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं द्वारा मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा।
नोडल अधिकारी नियुक्त
राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' की 150वीं वर्षगाँठ को देश भर में 7 नवम्बर 2025 से 7 नवम्बर 2026 तक समारोहपूर्वक आयोजित किया जाएगा। जिले में इस कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर आशीष तिवारी द्वारा नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार पूरे वर्ष चलने वाले इस कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर को नोडल अधिकारी बनाया गया है। जबकि डिप्टी कलेक्टर श्रीमती ज्योति लिल्हारे सहायक नोडल होंगी। साथ ही इन अधिकारियों को शासन द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
चार चरणों में आयोजित होंगे कार्यक्रम
'वंदे मातरम्' के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए यह वर्षगांठ समारोह 7 नवम्बर 2025 से 7 नवम्बर 2026 तक व्यापक रूप से आयोजित होगा। पूरे वर्ष इस समारोह को चार प्रमुख चरणों में विभाजित किया जाएगा। प्रथम चरण 7 से 14 नवम्बर 2025 (शुभारंभ), द्वितीय चरण 19 से 26 जनवरी 2026 (गणतंत्र दिवस), तृतीय चरण 7 से 15 अगस्त 2026 (हर घर तिरंगा अभियान के साथ) तथा चतुर्थ चरण 1 से 7 नवम्बर 2026 (समापन सप्ताह) में व्यापक रूप से आयोजित किया जाएगा।

Post a Comment