कचहरी चौक पर गलत दिशा से आ रही बाइक की टक्कर, स्कूटी सवार घायल

 कचहरी चौक पर गलत दिशा से आ रही बाइक की टक्कर, स्कूटी सवार घायल



कटनी। थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत दुबे कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित आज दिनांक 23 दिसंबर 2025 को सुबह करीब 9 बजे अपने घर दुबे कॉलोनी से स्कूटी क्रमांक MP21 ZB 5337 से पूजन हेतु भट्ठा मोहल्ला, पाठक वार्ड जा रहा था।


जैसे ही वह यश भारत कार्यालय के सामने कचहरी चौक पहुंचा, तभी सामने से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक MP20 MT 8173 का चालक तेज रफ्तार व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए गलत दिशा से आया और स्कूटी में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार सड़क पर गिर गया।


हादसे में पीड़ित के दाहिने हाथ की बीच वाली उंगली, दोनों हाथों की कोहनी, दोनों पैरों के घुटनों तथा सीने में गंभीर चोटें आई हैं। घटना को मौके पर मौजूद अंतू दुबे सहित आसपास के दुकानदारों ने देखा। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल जिला अस्पताल कटनी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे एमजीएम अस्पताल कटनी रेफर कर दिया।


इलाज के कारण पीड़ित तत्काल थाना नहीं पहुंच सका। उपचार उपरांत उसने थाना कोतवाली पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है और संबंधित मोटरसाइकिल चालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post