कटनी | शिक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह मामला कटनी जिले के विजयराघवगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम गोइंद्रा स्थित प्राथमिक शाला का बताया जा रहा है, जहां पदस्थ शिक्षक अरविंद कुजूर पर शराब के नशे में स्कूल आने और बच्चों व अभिभावकों से अभद्र व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगे हैं।
ग्रामीणों और विद्यार्थियों के परिजनों का आरोप है कि शिक्षक लंबे समय से नशे की हालत में स्कूल आ रहे हैं। गुरुवार को भी जब शिक्षक इसी अवस्था में स्कूल पहुंचे, तो नाराज अभिभावक मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने जब शिक्षक से सवाल किए, तो उन्होंने अपनी गलती स्वीकारने के बजाय दबंगई दिखाते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
वायरल वीडियो में शिक्षक कैमरे के सामने चिल्लाते हुए कहते नजर आ रहे हैं— “हां, मैंने शराब पी रखी है, क्या कर लोगे मेरा? मेरा कोई कुछ नहीं उखाड़ पाया।” इतना ही नहीं, उन्होंने जनगणना के दौरान ग्रामीणों को देख लेने की धमकी भी दी। रिपोर्ट के अनुसार, मौके पर जांच के लिए पहुंचे शिक्षा विभाग के स्थानीय अधिकारियों के साथ भी शिक्षक ने दुर्व्यवहार किया।
परिजनों द्वारा बनाया गया यह वीडियो अब जिलेभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि शिक्षक अनुशासन और मर्यादा को ताक पर रखकर अपशब्दों का प्रयोग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे शिक्षकों के भरोसे बच्चों का भविष्य सुरक्षित नहीं है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों ने संज्ञान लिया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है और दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment