मित्तल मॉल में भरोसे की सेंध, मैनेजर ने उड़ाए 16 लाख-आरोप
झिंझरी स्थित मित्तल मॉल: सुरेश कुमार मित्तल ने मैनेजर के विरुद्ध कराई FIR
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :शहर के प्रतिष्ठित मित्तल मॉल में भरोसे को तार-तार करने वाला मामला सामने आया है। मॉल की देखरेख और कलेक्शन की जिम्मेदारी संभाल रहे मैनेजर ने ही लाखों रुपये की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। मामले का खुलासा होने पर माधवनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार यह चोरी 13 जनवरी की सुबह 11 बजे से 14 जनवरी की सुबह 11 बजे के बीच की गई। मित्तल मॉल झिंझरी के संचालक सुरेश कुमार मित्तल (53) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि मॉल के कलेक्शन से बड़ी राशि गायब है।
जांच के दौरान यह सामने आया कि मॉल का मैनेजर दीपक दाहिया उर्फ दीप कुँवर दहायत, निवासी महावीर कॉलोनी, ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए कलेक्शन की राशि हड़प ली। आरोपी द्वारा कुल 16 लाख 05 हजार 687 रुपये की नगदी चोरी की गई।
शिकायत मिलते ही माधवनगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 82/26 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 306 एवं भारतीय दंड संहिता की धारा 381 (नौकर द्वारा चोरी) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बताया कि मामला 24 जनवरी 2026 की रात 11:03 बजे दर्ज किया गया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और चोरी की गई राशि की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। इस घटना के बाद से व्यापारिक प्रतिष्ठानों में आंतरिक नियंत्रण और विश्वास को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

Post a Comment