घने जंगल में चल रहा था जुए का अड्डा, पुलिस की दबिश से मचा हड़कंप
करौंदी कला के पास बड़ी कार्रवाई, 8 जुआरी गिरफ्तार, नकदी व 18 बाइक जब्त
कटनी। बरही थाना क्षेत्र के ग्राम करौंदी कला से लगे घने जंगलों में पुलिस ने एक संगठित जुआ रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सुनसान इलाके में लंबे समय से चल रहे इस अवैध जुए के ठिकाने पर पुलिस ने अचानक छापा मारकर 8 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जबकि कई आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।
बरही थाना प्रभारी अरविंद चौबे को विश्वसनीय मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि करौंदी कला के जंगल में बड़े पैमाने पर जुआ खिलाया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने रणनीति के तहत विशेष टीम गठित की और चारों ओर से जंगल को घेरकर अचानक दबिश दी। पुलिस को देखकर जुआरियों में अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ की स्थिति बन गई, लेकिन मुस्तैद पुलिस ने 8 लोगों को मौके से दबोच लिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने जुए में इस्तेमाल की जा रही सामग्री के साथ-साथ भारी मात्रा में संपत्ति जब्त की। मौके से 1 लाख 13 हजार 800 रुपये नकद, 8 स्मार्टफोन, ताश की गड्डियां और कुल 18 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इनमें से 12 मोटरसाइकिलें लावारिस हालत में पाई गईं, जिनके मालिक पुलिस की कार्रवाई के दौरान भाग खड़े हुए।
पुलिस ने जिन जुआरियों को गिरफ्तार किया है, उनमें सतीश सोनी, जितेंद्र गुप्ता, रामजी ताम्रकार, राकेश जयसवाल, शेख राजा, आशीष सोनी, धनेंद्र द्विवेदी और नफीस खान शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इनमें से कुछ आरोपी पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं और लंबे समय से जुआ खिलाने का कार्य कर रहे थे।
थाना प्रभारी ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। वहीं, लावारिस मिली 12 मोटरसाइकिलों को पुलिस एक्ट के अंतर्गत जब्त कर उनके स्वामियों की पहचान और तलाश की जा रही है।


Post a Comment