कटनी में चोरों का बेखौफ तांडव, उद्योग से लेकर गोदाम तक निशाने पर


 कटनी में चोरों का बेखौफ तांडव, उद्योग से लेकर गोदाम तक निशाने पर


कटनी। जिले में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। माधवनगर थाना क्षेत्रों में बीते 24 घंटों के भीतर हुई लगातार वारदातों ने पुलिस की रात्रिकालीन गश्त और सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है। चोरों ने एक के बाद एक इंडस्ट्रियल यूनिट, अनाज गोदाम को अपना शिकार बनाकर हजारों के नुकसान को अंजाम दिया।


इंडस्ट्रियल एरिया में धावा, मशीनों के कीमती पार्ट्स ले उड़े चोर

माधवनगर थाना क्षेत्र के अमकुही इंडस्ट्रियल एरिया में चोरों ने सुनियोजित तरीके से एक फैक्ट्री को निशाना बनाया। उद्योग संचालक धीरज रूपवानी के अनुसार 23 जनवरी की रात अज्ञात बदमाश यूनिट में दाखिल हुए और चार सिलेंडर मशीन के पैनल पार्ट्स, महंगे वायर तथा अन्य टूल्स समेट ले गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 35 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


अनाज गोदाम से गेहूं की बोरियां साफ

इसी थाना क्षेत्र के पहाड़ी निवार स्थित साहू मोहल्ला में चोरों ने एक गोदाम को भी नहीं छोड़ा। ऋषभ कुमार जैन के गोदाम का ताला तोड़कर चोर वहां रखी 20 बोरियां गेहूं (करीब 10 क्विंटल) उठा ले गए। चोरी हुए गेहूं की अनुमानित कीमत लगभग 25 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना 23 जनवरी की दरमियानी रात की है।


लगातार हो रही इन घटनाओं से व्यापारियों और आम नागरिकों में भय का माहौल है। लोगों ने रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और चोरी की वारदातों पर सख्ती से अंकुश लगाने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post