एसबीआई मुख्य शाखा में रुपए निकालने आए सेवा-निवृत्त वृद्ध की अचानक बिगड़ी तबीयत, बैंक परिसर में मौत
कटनी। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत जिला अस्पताल रोड पर स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रुपए निकालने आए एक सेवा-निवृत्त वृद्ध की अचानक तबीयत बिगड़ गई और बैंक परिसर में ही उनकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्गा पिता मोहन बर्मन (उम्र लगभग 66 वर्ष) बुधवार दोपहर अपनी जमा राशि निकालने एसबीआई मेन ब्रांच पहुंचे थे। बैंक में अधिक भीड़ होने के कारण वे एक कुर्सी पर बैठकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। बैंक कर्मियों व मौजूद लोगों द्वारा उन्हें संभालने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी।
घटना की सूचना तत्काल बैंक प्रबंधन द्वारा कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वृद्ध के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामले को जांच में ले लिया है।
अचानक हुई इस घटना से बैंक में मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों में शोक का माहौल रहा।

Post a Comment