कटनी। शहर के माधवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुधार न्यास कॉलोनी में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई।सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार निर्माणाधीन भवन में काम के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया और ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान दिनेश केवट (35), पिता कुंजीलाल केवट, निवासी धपई, माधवनगर के रूप में हुई है। वह सुधार न्यास कॉलोनी में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम कर रहा था। इसी दौरान वह लोहे की सरिया लेकर आगे-पीछे हो रहा था, तभी सरिया पास से गुजर रही 33 केवी हाईटेंशन लाइन से टकरा गई। तेज करंट की चपेट में आते ही दिनेश संतुलन खो बैठा और ऊपरी मंजिल से सीधे सड़क पर गिर गया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। करंट का झटका इतना जबरदस्त था कि मजदूर बुरी तरह झुलस गया था।
घटना की सूचना मिलते ही माधवनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment