कोतवाली थाना क्षेत्र में युवक पर दनादन चले चाकू, इलाके में सनसनी


 


कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस: शहर के व्यस्ततम बस स्टैंड इलाके में शनिवार रात कानून-व्यवस्था को चुनौती देती एक गंभीर घटना सामने आई। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद कुछ ही पलों में हिंसक रूप ले बैठा, जब बाइक सवार युवकों के बीच ‘साइड देने’ को लेकर हुए झगड़े में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे इंडिया होटल के समीप सड़क पर वाहनों को ओवरटेक करने और कट मारने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। शुरुआत में नोकझोंक तक सीमित रहा विवाद अचानक उग्र हो गया। इसी दौरान 3 से 4 युवकों ने आशीष पटेल नामक युवक को घेरकर उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

हमले के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। संयोगवश उसी समय वहां से गुजर रहे कुठला थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्र ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए घायल युवक को अपनी गाड़ी से तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है और चिकित्सक उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और बस स्टैंड चौकी की टीम हरकत में आ गई। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। इस घटना के बाद बस स्टैंड क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं आमजन ने रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठाए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post