मोबाइल कॉल का झांसा, खाते से उड़े 1.06 लाख — साइबर ठग फिर सक्रिय
कटनी /आशीष चौधरी | शहर में ऑनलाइन ठगी के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। इसी कड़ी में माधवनगर क्षेत्र के देवरी टोला निवासी एक व्यक्ति को मोबाइल के जरिए जालसाजों ने निशाना बनाते हुए उनके बैंक खाते से 1 लाख 6 हजार रुपये पार कर दिए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
झांसे में लेकर खाते से रकम उड़ाई
पुलिस जानकारी के मुताबिक, देवरी टोला निवासी प्रदीप कुमार पटेल (45) ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 11 फरवरी 2026 की दोपहर करीब 3 बजे एक अज्ञात मोबाइल नंबर से संपर्क कर उन्हें भरोसे में लिया गया। बातचीत के दौरान जालसाज ने बैंकिंग जानकारी हासिल कर खाते से अवैध तरीके से राशि ट्रांसफर कर ली।
घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने 17 फरवरी की शाम पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया अपराध
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 156/26 के तहत मामला दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) सहित संबंधित प्रावधानों में केस कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल नंबर और ट्रांजैक्शन डिटेल के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।
बढ़ते साइबर अपराध पर सतर्क रहने की सलाह
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात कॉल पर बैंकिंग जानकारी, ओटीपी या निजी विवरण साझा न करें और संदिग्ध कॉल या मैसेज की तत्काल सूचना पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को दें।

Post a Comment