पवन मित्तल की कंक्रीट फैक्ट्री में लेबर की मौत, इंजीनियर विपिन, सुपरवाइजर राकेश काछी व चालक अतुल केवट पर FIR दर्ज


 


पवन मित्तल की कंक्रीट फैक्ट्री में लेबर की मौत, इंजीनियर विपिन, सुपरवाइजर राकेश काछी व चालक अतुल केवट पर FIR दर्ज


कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :माधव नगर थाना अंतर्गत झिंझरी चौकी क्षेत्र में हुई फैक्ट्री दुर्घटना में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने मामले में इंजीनियर, सुपरवाइजर और मशीन चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार मर्ग क्रमांक 17/26 धारा 194 बी.एन.एस.एस. के तहत मृतक सतीश काछी (कुशवाहा) की मर्ग जांच की गई। जांच के दौरान मृतक के पिता संतोष काछी (45 वर्ष), निवासी ग्राम चरगवां, से पूछताछ कर कथन दर्ज किया गया।


संतोष काछी ने पुलिस को बताया कि उनका पुत्र सतीश गुलबारा स्थित अरूण हल्दकार के प्लॉट में रहकर पवन मित्तल की कंक्रीट फैक्ट्री में पिछले तीन वर्षों से कार्यरत था। 20 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे उन्हें अरूण हल्दकार का फोन आया, जिसमें बताया गया कि फैक्ट्री में सतीश का एक्सीडेंट हो गया है। बाद में सूचना मिली कि दुर्घटना में उसकी मृत्यु हो गई है।


सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल कटनी पहुंचे, जहां सतीश का शव पोस्टमार्टम के लिए मरचुरी कक्ष में रखा गया था। परिजनों के अनुसार मृतक के सिर और बाएं पैर में गंभीर चोटें थीं तथा सिर, मुंह, कान और नाक से रक्तस्राव हुआ था।


बताया गया कि सतीश 20 फरवरी को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक फैक्ट्री में मजदूरी का कार्य कर रहा था। दोपहर करीब 1 बजे इंजीनियर विपिन, सुपरवाइजर राकेश हल्दकार और हेड्रा मशीन चालक अतुल केवट द्वारा उससे लेबर का कार्य लिया जा रहा था। आरोप है कि इंजीनियर और सुपरवाइजर के निर्देशन में हेड्रा मशीन से बेल्ट के माध्यम से कंक्रीट मशीन को एक स्थान से दूसरे स्थान ले जाया जा रहा था। इसी दौरान बेल्ट से मशीन फिसल गई और पास में खड़े सतीश के ऊपर गिर गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मृत्यु हो गई।


पुलिस जांच में प्रथम दृष्टया मशीनरी संचालन में लापरवाही पाए जाने पर आरोपी इंजीनियर विपिन, सुपरवाइजर राकेश हल्दकार एवं हेड्रा मशीन चालक अतुल केवट के विरुद्ध धारा 289, 106(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post