सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, सोने-चांदी के जेवरात सहित 90 हजार नकद पार

 सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, सोने-चांदी के जेवरात सहित 90 हजार नकद पार



कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस/आशीष चौधरी: शहर में चोरी की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र की नई बस्ती जगमोहन दास वार्ड से सामने आया है, जहां चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। घटना भैया लाल ढोलक मास्टर वाली गली की बताई जा रही है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।


जानकारी के अनुसार, मकान मालिक नरेन्दर सिंह (पिता स्व. सतनाम सिंह) 24 जनवरी की दोपहर घर से बाहर गए हुए थे। इसी बीच 24 जनवरी से 31 जनवरी की सुबह के बीच किसी समय अज्ञात चोरों ने सूने घर का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश कर लिया। शनिवार सुबह घर की स्थिति देखकर चोरी की वारदात का खुलासा हुआ।


बताया जा रहा है कि चोरों ने घर के कमरों के ताले तोड़कर अलमारी में रखे कीमती सामान को खंगाल डाला और सुनियोजित तरीके से जेवरात व नगदी लेकर फरार हो गए। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गए सामान में सोने का हार, मंगलसूत्र, चैन, अंगूठी, चांदी की पायलें तथा करीब 90 हजार रुपये नकद शामिल हैं।


घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 124/26 दर्ज कर लिया है। प्रकरण भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) तथा धारा 305(A) के तहत कायम किया गया है।


क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाएं पुलिस गश्त की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर रही हैं। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post