दिव्यांचल मैरिज गार्डन के बाहर से बाइक चोरी, अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
कटनी/आशीष चौधरी :शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों और समारोह स्थलों के आसपास वाहन चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ताजा मामला माधवनगर थाना क्षेत्र का सामने आया है, जहां शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे एक युवक की मोटरसाइकिल अज्ञात चोर लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, प्रिंस उपाध्याय (21 वर्ष), पिता मनमोहन उपाध्याय, निवासी पन्ना मोड़, थाना कुठला, 12 फरवरी की रात दिव्यांचल मैरिज गार्डन में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी होंडा शाइन मोटरसाइकिल (क्रमांक MP21ZB6476) गार्डन के बाहर खड़ी की थी।
रात करीब 10:30 बजे से लेकर 13 फरवरी की मध्यरात्रि 12 बजे के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने बाइक चोरी कर ली। समारोह समाप्त होने पर जब प्रिंस उपाध्याय बाहर आए तो उनकी मोटरसाइकिल मौके पर नहीं मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी वाहन का पता नहीं चलने पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
चोरी गई बाइक की अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई जा रही है। शिकायत के आधार पर माधवनगर पुलिस ने 13 फरवरी की शाम 7:35 बजे अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 142/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) एवं आईपीसी की धारा 379 के तहत मामला कायम किया है।
पुलिस द्वारा गार्डन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन चोर का सुराग लगाया जा सके। वहीं, क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं से नागरिकों में चिंता का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment