तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को मारी टक्कर, चालक समेत दो छात्राएं घायल
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस/आशीष चौधरी: कुठला थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक तेज रफ्तार कैप्सूल ट्रक द्वारा ऑटो को पीछे से टक्कर मार देने के कारण ऑटो पलट गया, जिससे चालक सहित सवार छात्राएं घायल हो गईं। घटना कैलवारा कला बस स्टॉप के सामने लगभग दोपहर 12 बजे की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मैहर जिले के ग्राम गुगढ निवासी ऑटो चालक रोज की तरह सभागंज से कॉलेज जाने वाले छात्रों को लेकर कटनी की ओर आ रहा था। ऑटो में लाजो कुशवाहा, विशाखा चौधरी सहित अन्य यात्री सवार थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे कैप्सूल ट्रक क्रमांक MP19 HA 6270 ने ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में ऑटो सवार लाजो कुशवाहा के कंधे में, विशाखा चौधरी के सीने व कंधे में तथा चालक को पसलियों में चोट आई है। घटना के बाद घायल छात्राओं के परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस भी सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच गई।
घटना में ऑटो को भी काफी नुकसान पहुंचा है। चालक ने वाहन व्यवस्थित कराने के बाद थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है और पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Post a Comment